कोंडागांव, 11 अगस्त। नगर में आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल इलेक्ट्रिक शवदाह गृह की स्थापना की मांग को लेकर नगर के व्यवसायी रौनक दीवान ने मुख्यमंत्री जनशिकायत एवं सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन मांग दर्ज कराई है। उन्होंने जिला प्रशासन से कोंडागांव नगर एवं आसपास के क्षेत्रों की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है।
रौनक दीवान ने कहा कि वर्तमान में अंतिम संस्कार के लिए मुख्य रूप से लकड़ी आधारित व्यवस्था पर निर्भरता है। इसमें बड़ी मात्रा में लकड़ी की आवश्यकता होती है और धुएं के कारण पर्यावरणीय प्रभाव भी पड़ता है। वहीं, बारिश के मौसम में अंतिम संस्कार की व्यवस्था को लेकर व्यावहारिक कठिनाइयां भी सामने आ सकती हैं। ऐसे में इलेक्ट्रिक शवदाह गृह नागरिकों को एक अतिरिक्त, आधुनिक, स्वच्छ और सम्मानजनक विकल्प उपलब्ध करा सकता है।
उन्होंने कहा कि कोंडागांव तेजी से विकसित हो रहा है, इसलिए वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य की नागरिक सुविधाओं को लेकर भी योजना बनाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से उन्होंने इस विषय को सीएम हेल्पलाइन एवं मुख्यमंत्री जनशिकायत के माध्यम से प्रशासन के संज्ञान में लाया है।
ऑनलाइन मांग में प्रशासन से परियोजना के लिए प्रारंभिक सर्वेक्षण, उपयुक्त भूमि का चयन, तकनीकी एवं पर्यावरणीय व्यवहार्यता परीक्षण तथा आवश्यक बजट और संसाधनों की व्यवस्था किए जाने का अनुरोध किया गया है। साथ ही प्रस्तावित सुविधा में धार्मिक एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के सम्मान, पर्याप्त विद्युत आपूर्ति एवं बैकअप, जल सुविधा, प्रतीक्षालय तथा संचालन एवं रखरखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
रौनक दीवान ने स्पष्ट किया कि यह पहल किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति विशेष के हित में नहीं, बल्कि कोंडागांव के नागरिकों और पर्यावरण के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए की गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग पर गंभीरता से विचार कर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक परीक्षण एवं आगे की कार्रवाई शुरू करने की अपेक्षा जताई है।
