जांजगीर-चांपा, हर परिवार का सपना होता है कि उसका अपना पक्का और सुरक्षित घर हो, जहां वह अपने परिवार के साथ सुकून से रह सके। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ऐसे ही परिवारों के सपनों को पूरा कर उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार दे रही है।
बम्हनीडीह विकासखंड की ग्राम पंचायत बिरगहनी च निवासी राजकुमार यादव की पत्नी अमरिका यादव के लिए भी अपना पक्का घर लंबे समय से एक अधूरा सपना था। सीमित संसाधनों के कारण परिवार के लिए पक्का मकान बनाना आसान नहीं था। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के बाद परिवार को अपना घर बनाने का अवसर मिला और आज अमरिका यादव अपने परिवार के साथ उसी पक्के घर में रह रही हैं।
श्रीमती अमरिका यादव बताती हैं कि पक्का घर उनके लिए केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि लंबे समय से संजोए सपने के पूरा होने का एहसास है। अब परिवार के पास ऐसी सुरक्षित छत है, जहां वे मौसम की परेशानियों से बचते हुए अपने भविष्य को लेकर नई उम्मीदों के साथ आगे बढ़ रहे हैं।आवास के साथ परिवार को अन्य शासकीय योजनाओं का भी लाभ मिल रहा है। रोजगार गारंटी योजना के तहत 90 दिवस का रोजगार तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय की सुविधा मिलने से परिवार के जीवन में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
अमरिका यादव के परिवार की यह कहानी बताती है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण केवल पक्का मकान उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व से जोड़ने का माध्यम भी बन रही है। उनके लिए यह घर उनके सपनों, मेहनत और बेहतर भविष्य की उम्मीदों का सुरक्षित आशियाना बन गया है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया।
