ग्राम टिकारी में लापता मासूम का शव नहर से बरामद, गांव में पसरा मातम

मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम टिकारी में बुधवार दोपहर से लापता हुआ डेढ़ वर्षीय मासूम हिमांशु यादव शुक्रवार सुबह मृत अवस्था में मिला। बच्चे का शव पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम केवतरा के पास नहर की झाड़ियों में फंसा हुआ पाया गया।

 

बुधवार को दोपहर करीब 2 बजे हिमांशु घर में खेल रहा था। इसी दौरान वह ब्रश लेने की बात कहकर घर के पीछे बाड़ी की ओर चला गया और फिर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन मासूम का कोई पता नहीं चला। बाद में नहर किनारे उसका ब्रश मिलने से आशंका जताई गई कि बच्चा नहर में गिर गया होगा।

 

सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने लगातार तलाशी अभियान चलाया। गुरुवार को खारंग जलाशय से निकली नहर में करीब 10 किलोमीटर तक खोजबीन की गई, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। अंधेरा होने पर अभियान रोकना पड़ा।

 

शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने नहर में बच्चे का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त हिमांशु यादव के रूप में की। शव करीब 15 किलोमीटर दूर बरामद हुआ। पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Related Post