पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम धूर्वाकारी में आज "सियान चेतना कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों के सम्मान, उनकी सुरक्षा तथा समाज में साइबर फ्रॉड और नशा जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना झा एवं एसडीओपी मस्तूरी लालचंद मोहल्ले के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी पचपेड़ी श्रवण कुमार के नेतृत्व में यह आयोजन ग्राम पंचायत भवन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, सरपंच प्रतिनिधि और अन्य पंचायत जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक रखने और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।
"वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धजन सुरक्षा अधिनियम 2007" की जानकारी दी गई और उन्हें किसी भी आपात स्थिति में पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया गया।
साथ ही लोगों को साइबर अपराधों से बचाव और नशा मुक्ति के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितों ने मिलकर वृक्षारोपण कर पर्यावरण सरंक्षण का संदेश भी दिया।
पुलिस की यह पहल ग्रामीणों ने सराही और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।
