कोरबा/रामपुर, 2 जुलाई 2025 | रामपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत करतला के सद्भावना भवन में 1 जुलाई को कांग्रेस पार्टी की एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में 7 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय मल्लिकार्जुन खड़गे के रायपुर आगमन को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में ब्लॉक स्तर पर संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार किया गया। इस अवसर पर कोरबा ग्रामीण कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मनोज चौहान, रामपुर विधानसभा प्रभारी अशोक राजवाल, पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर, ब्लॉक अध्यक्ष अजीत दास महंत, करतला अध्यक्ष दौलत राम राठिया, बरपाली अध्यक्ष हर कुमारी बिंझवार, कार्यकारी अध्यक्ष श्रवण राठिया, वीरेंद्र चंदन सहित कांग्रेस पार्टी के सैकड़ों समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जिला अध्यक्ष मनोज चौहान ने जानकारी दी कि — "विधायक फूल सिंह राठिया के नेतृत्व में आयोजित बैठक में खड़गे जी के कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।"
किसानों की समस्या बनी केंद्र बिंदु, भाजपा पर तीखा हमला
बैठक के दौरान किसानों की खाद, बीज एवं धान वितरण में हो रही समस्याओं को गंभीरता से उठाया गया। विधायक फूल सिंह राठिया ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कोरबा जिले में ना तो आदिवासी सुरक्षित हैं और ना ही महिलाएं। उन्होंने प्रशासन की उदासीनता की आलोचना करते हुए कहा कि किसानों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर आदिवासी सेवा सहकारी समिति करतला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें खाद-बीज की कमी पर नाराज़गी जाहिर की गई।
कोरबा ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष अजीत दास महंत ने कहा, "वनांचल क्षेत्र में किसान व बुजुर्गों को खाद-बीज के लिए कई दिन तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। यह किसानों का अपमान है।"
वहीं किसान गजेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि "बीजेपी शासन में भाजपा कार्यकर्ताओं को तत्काल खाद-बीज मिलता है, जबकि आम किसानों को दिन-रात लाइन में लगना पड़ता है। हालात जमीनी स्तर पर बेहद गंभीर हैं।"
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मांग की कि प्रशासनिक लापरवाही पर रोक लगाई जाए और बिचौलियों की भूमिका समाप्त की जाए।
