मसोरा टोल नाका पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, स्थानीय वाहनों को टोल छूट की मांग

कोण्डागांव, 31 अगस्त 2025: राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (रायपुर–जगदलपुर मार्ग) की खस्ताहाल स्थिति और लगातार हो रही दुर्घटनाओं के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी कोण्डागांव ने मसोरा टोल नाका पर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहन मरकाम के नेतृत्व में किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता बाइक रैली के साथ कांग्रेस भवन से रवाना होकर टोल नाके पहुंचे, जहां जमकर नारेबाजी की गई और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।

Uploaded Image

ज्ञापन में मांग की गई है कि जर्जर हो चुकी एनएच 30 की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, खासकर केशकाल क्षेत्र में जहां सड़क की हालत बेहद दयनीय है और जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बने हुए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि सड़क को टोल रोड का दर्जा दिए जाने के बावजूद मरम्मत कार्य नहीं किया जा रहा है, जिससे रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं और आम नागरिकों को जान-माल की हानि उठानी पड़ रही है।

Uploaded Image

प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग की कि जब तक सड़क की मरम्मत नहीं होती, तब तक कोंडागांव जिले के स्थानीय वाहन चालकों और CG 27 पासिंग वाहनों को टोल टैक्स से पूर्ण छूट दी जाए।

 

इसके साथ ही कांग्रेस ने कोण्डागांव शहर में महीनों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा भी उठाया और कहा कि अंधेरे में नागरिकों को असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं।

Uploaded Image

पूर्व में भी इन समस्याओं को लेकर प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में मसोरा टोल नाका पर चक्का जाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

 

प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बुधराम नेताम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post