कोंडागांव, 25 अगस्त 2025: कोंडागांव में निजी स्कूलों द्वारा की जा रही मनमानी फीस वसूली के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने आज सोमवार को कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा। अपर कलेक्टर चित्रकान्त चार्ली ठाकुर को सौंपे गए ज्ञापन में विशेष रूप से सरस्वती शिशु मंदिर, कोंडागांव का मामला उठाया गया, जिसमें एक बच्ची के दाखिले से पहले ही ₹6500 की वार्षिक फीस वसूल ली गई थी। बाद में पालक ने बच्ची का प्रवेश अन्य विद्यालय में करा दिया, लेकिन जब फीस वापसी की मांग की गई तो संस्था के प्राचार्य योगेश वर्मा ने राशि लौटाने से इनकार कर दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी ने इस घटनाक्रम को गैरकानूनी और पालकों के साथ धोखा करार दिया है। प्रतिनिधियों ने मांग की कि जब छात्रा का दाखिला हुआ ही नहीं, तो फीस वसूली का कोई औचित्य नहीं बनता। यदि कोई नामांकन शुल्क लिया भी गया हो, तो कम से कम ₹5000 की राशि पालक को लौटाई जानी चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई है कि कोंडागांव जिले में संचालित सभी निजी स्कूलों की फीस वसूली की जाँच की जाए और अवैध वसूली करने वाले स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कांग्रेस कमेटी ने यह भी कहा कि वे निजी स्कूलों की इस मनमानी के खिलाफ आवाज बुलंद करते रहेंगे और जरूरत पड़ी तो स्कूलों में जाकर ऐसे मामलों का भंडाफोड़ करेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष झूमूकलाल दीवान, जिला प्रभारी महामंत्री रितेश पटेल, उपाध्यक्ष तरुण गोलछा, प्रदेश सचिव सकुर खान, जिला सचिव उमर मेमन और युकां नेता सनी चोपड़ा मौजूद रहे।
