कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में नगर निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभागवार कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए श्री पाण्डेय ने लंबित आवेदनों को शीघ्रता से निराकृत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए सभी विभाग अलर्ट मोड में रहें, विशेषकर कृषि, राजस्व, पंचायत, विद्युत व नगर निगम विभाग को बाढ़ या अन्य क्षति की स्थिति में त्वरित राहत पहुंचाने के लिए तैयार रहने को कहा।
कमिश्नर ने विद्युत विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में बिना कारण बिजली कटौती न करने और लाइनमैन की फील्ड पर सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। दूरस्थ गांवों में बिजली कनेक्शन सर्वे कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
विभागीय समीक्षा के साथ लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण का आदेश
शिक्षा, स्वास्थ्य, पिछड़ा वर्ग, सांस्कृतिक विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया कि वे विभागों के साथ समन्वय कर कार्यों में प्रगति लाएं।
उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के मरीज वार्डों में एसी लगाने के कार्य में तेजी लाने की बात कही। आयुष्मान कार्ड निर्माण में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति, सड़क दुर्घटनाओं व प्राकृतिक आपदाओं में पीड़ितों को मुआवजा दिलाने, और राजस्व भूमि पर अवैध कब्जों को हटाकर नामांतरण कार्य में गति लाने पर भी बल दिया गया।
पीजीएन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, मानव अधिकार आयोग व जनशिकायत पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की शीघ्रता से सुनवाई व समाधान के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर मनोज बंजारे, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
