सड़क दुर्घटनाओं में घायल व मृत पीड़ितों को समय पर मुआवजा दिलाने की दिशा में जांजगीर-चांपा पुलिस प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना/चौकियों में पदस्थ विवेचकों और CCTNS ऑपरेटरों को iRAD/e-DAR पोर्टल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत 13 जून 2025 से की गई, जिसमें iRAD की डीआरएम श्रीमती साधना गुप्ता व निरीक्षक लालन पटेल द्वारा प्रशिक्षकों की टीम को तकनीकी जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य यह है कि सड़क दुर्घटनाओं की रिपोर्ट को समय पर iRAD/e-DAR पोर्टल पर अपलोड किया जाए, जिससे मृतक या घायल पीड़ितों के परिजनों को मुआवजा शीघ्र मिल सके।
अब तक जांजगीर, चांपा, नवागढ़, बलौदा, अकलतरा, नैला, पंतोरा, शिवरीनारायण व राहौद थाना के विवेचकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। शेष थानों को 17-18 जून को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण में बताया गया कि e-DAR रिपोर्ट में 1 से 10 तक फॉर्मेट भरना अनिवार्य है, जिसे संबंधित विवेचक द्वारा ही पूरा किया जाना चाहिए। रिपोर्ट अपलोड में देरी के कारण अब तक पीड़ितों को मुआवजे में विलंब होता था, जिसे अब समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला पुलिस का यह डिजिटल प्रयास न सिर्फ व्यवस्था को पारदर्शी बना रहा है, बल्कि पीड़ित परिवारों को राहत देने की दिशा में एक सराहनीय पहल भी है।
