दूरस्थ पीवीटीजी गांवों में कलेक्टर का दौरा, योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी समीक्षा

नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नए साल की शुरुआत जमीनी हकीकत जानने से की। उन्होंने आकांक्षी ब्लॉक पोड़ी उपरोड़ा के दूरस्थ और जिले के अंतिम छोर पर बसे गांवों का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और शासन की फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने पीवीटीजी बाहुल्य ग्राम गुडरुमुड़ा में ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

कलेक्टर दुदावत ने गुडरुमुड़ा, पोड़ी उपरोड़ा, ऐतमानगर, गुरसिया, लैंगा और पसान तक पहुंचकर आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य संस्थान, पोषण पुनर्वास केंद्र, बालिका आवासीय छात्रावास, एकलव्य विद्यालय, धान खरीदी केंद्र, जलप्रदाय योजनाएं, पीएम जनमन सड़क, निर्माणाधीन विद्यालय व शिक्षक आवास सहित विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, एसडीएम मनोज बंजारे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Uploaded Image

गुडरुमुड़ा में चौपाल, पीवीटीजी ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

 

पीवीटीजी ग्राम गुडरुमुड़ा में आयोजित चौपाल में कलेक्टर ने महिलाओं और ग्रामीणों से महतारी वंदन योजना, राशन वितरण, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। राशन दुकान में खराब चावल मिलने की शिकायत पर जांच के निर्देश दिए गए। बिरहोर जनजाति की महिला रति बाई द्वारा बच्ची के उपचार की मांग पर कलेक्टर ने उसे जिला अस्पताल भेजकर इलाज कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पीएम जनमन आवास और पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा करते हुए सभी आवासों में सोलर सिस्टम स्थापित करने, विद्युत कनेक्शन और मीटर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधूरी पीएम जनमन सड़क को 10 फरवरी तक पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया। साथ ही ग्रामीणों को नशे से दूर रहकर शिक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

छात्रों से संवाद, बेहतर परिणाम के लिए प्रेरणा

 

पोड़ी उपरोड़ा में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और एकलव्य आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बिना तनाव पढ़ाई कर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम लाने की प्रेरणा दी और दसवीं बोर्ड के लिए विशेष मार्गदर्शन दिया। बेहतर परिणाम लाने वाले विद्यार्थियों को इसरो भ्रमण कराने की भी घोषणा की। इस दौरान छात्र कुणाल द्वारा भेंट की गई छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति पर आधारित पेंटिंग की कलेक्टर ने सराहना की।

 

स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस

 

कलेक्टर ने सीएचसी पोड़ी उपरोड़ा और पीएचसी पसान का निरीक्षण कर पंजीयन, लैब, वार्ड, दवा वितरण, टीबी, एनसीडी और प्रसव कक्ष की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के समय पर सुरक्षित प्रसव, टीबी मरीजों की पहचान और स्क्रीनिंग, एनसीडी की शत-प्रतिशत जांच और जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए। पोषण पुनर्वास केंद्र में कुपोषित बच्चों को मेनू अनुसार आहार देने और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

 

 पीएम जनमन सड़क और निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश

 

पीवीटीजी गांवों को जोड़ने वाली पीएम जनमन सड़कों के निरीक्षण में कलेक्टर ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

गुरसिया–बहरीझरिया (15 किमी) सड़क 30 मार्च तक

लैंगा–सेमरा–सैला–जिल्दा (14.30 किमी) सड़क समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

पसान में निर्माणाधीन स्कूल भवन और शिक्षक आवास को अप्रैल तक पूरा करने तथा जर्जर भवन को डिस्मेंटल करने के निर्देश भी दिए।

 

 जलप्रदाय योजना में देरी पर सख्ती

 

ऐतमानगर समूह जलप्रदाय योजना के अंतर्गत 28.5 एमएलडी क्षमता वाले जल शुद्धिकरण संयंत्र के निरीक्षण में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैनपावर बढ़ाकर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने को कहा। यह योजना 245 गांवों को लाभ पहुंचाएगी।

 

 धान खरीदी और व्यपवर्तन योजना का निरीक्षण

 

कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र पोड़ी उपरोड़ा में बारदाना, टोकन और स्टैकिंग व्यवस्था की समीक्षा की। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गुरसिया व्यपवर्तन योजना के तहत फीडर टैंक, वियर और नहरों का निरीक्षण कर समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य पर जोर दिया।

 

कलेक्टर कुणाल दुदावत का यह दौरा प्रशासन की जमीनी पकड़ और जवाबदेही को दर्शाता है। पीवीटीजी और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचकर योजनाओं की समीक्षा, समस्याओं पर त्वरित निर्णय और विकास कार्यों में सख्ती—यह सब जिले के समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।

Related Post