जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शासकीय प्राथमिक स्कूल मेहंदी का निरीक्षण किया और शिक्षकों से बच्चों को पढ़ाए जा रहे विषयों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्कूली छात्र-छात्राओं से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और गणित एवं भाषा संबंधी प्रश्नों के जवाब लिए। सही उत्तर देने वाले बच्चों का कलेक्टर ने उत्साहवर्धन किया।
कलेक्टर ने शिक्षिकाओं को निर्देश दिए कि बच्चों को गणित विषय के प्रश्नों का अधिक से अधिक अभ्यास कराया जाए। उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और उसमें हरी सब्जियों की शामिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इसके अलावा, स्कूल परिसर में मुनंगा का पौधा लगाने और किचन गार्डन बनाने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा और पोषण दोनों बच्चों के समग्र विकास के लिए जरूरी हैं, और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में, कलेक्टर ने उप पंजीयक कार्यालय पामगढ़ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिदिन रजिस्ट्री की संख्या, नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं और ऑनलाइन नामांतरण प्रक्रिया की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम पामगढ़ देवेन्द्र चौधरी, तहसीलदार और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
