झाँसी, 27 अगस्त 2025 – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा चयनित 2,425 मुख्य सेविकाओं और 13 फार्मासिस्टों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
सीएम योगी ने कहा कि पहले योजनाएं सुदूर इलाकों तक नहीं पहुंच पाती थीं, लेकिन अब वही लोग रोजगार पा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से थारू जनजाति और सुदूर क्षेत्रों की बेटियों के चयन को निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया का जीवंत उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में लखीमपुर खीरी और दुधवा नेशनल पार्क से आई थारू जनजाति की बेटियों समेत यूपी के विभिन्न जिलों जैसे आजमगढ़, अमरोहा, झाँसी, बिजनौर, शामली, ललितपुर, जालौन और सोनभद्र की युवाओं को अवसर मिला। सीएम ने कहा कि यह नियुक्ति न केवल युवाओं को रोजगार दे रही है, बल्कि सुदूर क्षेत्रों के लोगों में उम्मीद भी जगाती है।
झाँसी में विशेष कार्यक्रम
जनपद झाँसी के विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 20 नवचयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, विधायक रवि शर्मा, श्रीमती रश्मि आर्या समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
नव चयनित लाभार्थियों में शामिल हैं: वर्षा, पूजा आर्या, सपना यादव, अनुराधा, करिश्मा वर्मा, कनिष्का वर्मा, संध्या कुमारी, कर्कीति, काजल कोटी, प्रियंका, सुष्मिता वर्मा, ज्योति वर्मा, निकिता वर्मा, विशाखा गौतम, हेमा, प्रीति अहिरवार, हिमांगरी सैन, भारती यादव।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक और अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। लोक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लाभार्थियों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों ने देखा।
सीएम योगी ने लाभार्थियों से कहा कि यह अवसर उनकी मेहनत का परिणाम है और अब उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदारी निभानी है। उन्होंने बताया कि प्रतिभा हर जगह है, बस अवसर चाहिए, और यह निष्पक्ष चयन प्रक्रिया उसी का प्रमाण है।
