अरनोद नगर में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, नालियों की गंदगी से जनता त्रस्त जिला कलेक्टर के नाम उपखण्ड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

अरनोद नगर में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, नालियों की गंदगी से जनता त्रस्त

जिला कलेक्टर के नाम उपखण्ड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

 

अरनोद | ग्राम पंचायत से नगर पालिका बनने के बाद अरनोद नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों एवं घरों में घुस रहा है, जिससे नगरवासियों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

इस गंभीर समस्या को लेकर बुधवार को कस्बेवासियों ने नारेबाजी करते हुए उपखण्ड कार्यालय पहुंचकर उपखण्ड अधिकारी योगेश देवल को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि नगर पालिका बनने के पश्चात सफाई व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। नगर पालिका प्रशासक एवं आयुक्त का प्रभार तहसीलदार अरनोद के पास होने के बावजूद बार-बार शिकायत एवं निवेदन के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते नई आबादी, राजीव कॉलोनी, बस स्टैंड, गायरी मोहल्ला, रतलाम रोड एवं गोतमेश्वर रोड क्षेत्र की नालियों की पिछले डेढ़ से दो माह से सफाई नहीं हुई है।

नालियों में जमा गंदगी से तेज दुर्गंध फैल रही है, मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है तथा गंदा पानी घरों में प्रवेश कर रहा है। इससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।

नगरवासियों का कहना है कि अरनोद नगर का कोई धणी-धोरी नहीं है और प्रशासनिक उदासीनता के चलते आमजन में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही नालियों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे उग्र जन आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में कैलाश भाटी, अशोक भावसार, अनील शर्मा, अशोक सुथार, संजय बहादुर, हरिओम शर्मा, लोकेश शर्मा, पन्नालाल गायरी, अन्सु मीणा, हेन्मत चौधरी सहित बड़ी संख्या में कस्बेवासी उपस्थित रहे।

Related Post