आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस स्वच्छता पखवाड़ा (1 से 15 अगस्त 2025) के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिलासपुर में भव्य स्वच्छता प्रभात फेरी का आयोजन किया।
प्रभात फेरी का नेतृत्व अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू ने किया, जिसमें सभी प्रधान विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक, रेलवे अधिकारी-कर्मचारी, नागरिक सुरक्षा दल, रेलवे स्कूल के विद्यार्थी एवं स्काउट-गाइड सक्रिय रूप से शामिल हुए।
प्रभात फेरी मुख्यालय से होते हुए तितली चौक और बिलासपुर रेलवे स्टेशन तक पहुंची। हाथों में स्वच्छता स्लोगन और पोस्टर लिए रेलकर्मी व छात्र-छात्राएं राहगीरों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते नजर आए।
नुक्कड़ नाटक के ज़रिए दिया गया संदेश–
रेलवे स्टेशन पर रेलवे स्कूल के बच्चों, नागरिक सुरक्षा दल और स्काउट-गाइड के द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के नुकसान, स्वच्छता के लाभ और व्यक्तिगत जिम्मेदारी को रेखांकित किया गया।
अपर महाप्रबंधक का संदेश–
विजय कुमार साहू ने कहा –स्वच्छता केवल जिम्मेदारी नहीं, यह एक जन आंदोलन है। जब तक प्रत्येक नागरिक इसमें सहभागी नहीं होगा, तब तक सफलता अधूरी है।
पखवाड़े के दौरान प्रत्येक दिन अलग-अलग स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इसमें स्टेशनों, प्लेटफॉर्म, ट्रेनों, पटरियों, स्टेशन परिसरों, कार्यालयों, शौचालयों एवं जल स्रोतों की गहन सफाई की जा रही है। साथ ही यात्रियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने हेतु बैनर, पोस्टर, उद्घोषणा प्रणाली एवं सोशल मीडिया माध्यमों से संदेशों का प्रसारण किया जा रहा है ।
