रायगढ़ में 50 लाख की लागत से बने अटल परिसर का लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से किया शुभारंभ

 

रायगढ़। भारत रत्न, देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर में अटल शताब्दी वर्ष के अंतर्गत निर्मित 115 अटल परिसरों का लोकार्पण किया। इनमें रायगढ़ नगर पालिक निगम द्वारा सर्किट हाउस चौक में 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल परिसर भी शामिल है।

सुशासन और प्रेरणा के स्थायी केंद्र होंगे अटल परिसर : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और लोकहित के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अटलजी केवल प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि दूरदर्शी चिंतक थे, जिन्होंने राजनीति को सत्ता नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण अटलजी की ऐतिहासिक दूरदृष्टि का परिणाम है और उनकी सोच ‘अंतिम व्यक्ति तक विकास’ आज भी छत्तीसगढ़ सरकार की नीति का आधार है।

छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक, मानवीय और सांस्कृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में योगदान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन के संकल्प पर आधारित विशेष वीडियो का भावपूर्ण प्रदर्शन किया गया।

सुशासन दिवस पर 115 अटल परिसरों का लोकार्पण : ओ.पी. चौधरी

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती देशभर में सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने अपने पहले बजट में ही प्रत्येक नगरीय क्षेत्र में अटल परिसर निर्माण का संकल्प लिया था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में देश का पहला गुड गवर्नेंस डिपार्टमेंट गठित किया गया है। अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र, प्रशासनिक सरलीकरण और तकनीक आधारित सेवाओं से सुशासन को नई गति मिली है। साथ ही विकसित भारत–2047 के लक्ष्य के अनुरूप छत्तीसगढ़ अंजोर विजन के माध्यम से प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

अटल परिसर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : महापौर

नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर रायगढ़ में अटल परिसर का लोकार्पण नगर के लिए गर्व का विषय है।

नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू ने कहा कि अटलजी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाती है और छत्तीसगढ़ उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि व नगरवासी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सुरेश गोयल, सुभाष पांडेय, विवेक रंजन सिन्हा, श्रीकांत सोमावार, विकास केडिया, पार्षदगण, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Related Post