किसानों से खाद के नाम पर लूट, जिला अस्पताल की बदहाली और आवारा मवेशियों को लेकर छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने SDM को सौंपा ज्ञापन

कोंडागांव, 11 अगस्त। किसानों से खाद के नाम पर कथित लूट, जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के संकट और शहर में लगातार बढ़ रही आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर सोमवार को छत्तीसगढ़ बजरंग दल कोंडागांव ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन जिला अध्यक्ष चंद्रभान श्रीवास्तव के नेतृत्व में अनुविभागीय दंडाधिकारी के माध्यम से जिला प्रशासन को सौंपा गया।

 

ज्ञापन में छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने आरोप लगाया कि कोंडागांव में बड़ी संख्या में किसान यूरिया खाद व्यापारियों से करीब 800 से 900 रुपये में खरीदने को मजबूर हैं। संगठन ने कृषि विभाग के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कर किसानों को राहत देने और कथित कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

 

संगठन ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी जताई। ज्ञापन में कहा गया कि चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को बार-बार निजी अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है, जिससे आम जनता को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने जिला अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकीय व्यवस्था सुनिश्चित करने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग की।

 

इसके अलावा शहर की सड़कों पर लगातार घूम रहे आवारा मवेशियों की समस्या को भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाया गया। संगठन का कहना है कि सड़कों पर बैठे मवेशियों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने आवारा मवेशियों के लिए ठोस व्यवस्था और समस्या के स्थायी निराकरण की मांग की।

 

छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने प्रशासन से तीनों मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़े इन मामलों का समाधान नहीं किया गया तो संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

Related Post