डिजिटल कदमों से बदली जनगणना, कोरबा में घर-घर पहुंची नई तकनीक

Anp News Live, Korba जिले में जनगणना-2027 के तहत डिजिटल जनगणना कार्य का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री कुणाल दुदावत के निर्देशन में यह कार्य पूरे जिले में सुनियोजित ढंग से प्रारंभ हुआ, जिसमें प्रगणक एवं पर्यवेक्षक फील्ड में उतरकर घर-घर सर्वेक्षण कर रहे हैं।

इस महत्वपूर्ण अभियान में जिले के 06 नगरीय निकाय शामिल हैं, जिनमें नगर पालिक निगम कोरबा के 07 जोन, नगर पालिका परिषद दीपका, कटघोरा, बांकीमोंगरा तथा नगर पंचायत पाली एवं छुरीकला शामिल हैं। इसके साथ ही जिले की सभी 12 तहसीलों—कोरबा, भैसमा, बरपाली, करतला, कटघोरा, दर्री, पोड़ी-उपरोड़ा, पसान, पाली, हरदीबाजार, दीपका और अजगरबहार में जनगणना कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।

जनगणना के दौरान प्रगणकों द्वारा 33 बिंदुओं पर आधारित विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है, जिसमें भवन की स्थिति, निर्माण सामग्री, बिजली-पानी की उपलब्धता, इंटरनेट, मोबाइल, टीवी, वाहन सहित अन्य सुविधाओं का विवरण शामिल है।

जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी मोहन सिंह कंवर ने बताया कि यह भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना है। इसमें प्रगणक एचएलबी (HLB) ऐप के माध्यम से डेटा सीधे दर्ज कर रहे हैं, जो सुपरवाइजर के माध्यम से सत्यापन के बाद मुख्य सर्वर तक पहुंचता है। इस प्रक्रिया से डेटा प्रोसेसिंग तेज और अधिक पारदर्शी होगी।

राज्य नोडल अधिकारी बैद्यनाथ द्वारा भी कोरबा नगर निगम के विभिन्न जोनों और तहसील अजगरबहार में चल रहे कार्य का निरीक्षण किया गया। उन्होंने प्रगणकों से संवाद कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

जिले में इस कार्य की मॉनिटरिंग अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ओंकर यादव द्वारा की जा रही है। उन्होंने सभी 24 चार्ज अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्तापूर्ण डेटा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए।

कोरबा जिले में कुल 2073 हाउस-लिस्टिंग ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। वर्तमान में स्व-गणना के अंतर्गत 10,669 परिवारों द्वारा स्वयं डेटा दर्ज किया जा चुका है, जो जनभागीदारी का सकारात्मक संकेत है।

डिजिटल तकनीक के माध्यम से शुरू हुआ यह जनगणना अभियान न केवल प्रशासनिक कार्यों को सरल बनाएगा, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं के लिए सटीक और त्वरित आंकड़े उपलब्ध कराने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

Related Post