जिले के सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत बैकुंठपुर–सोनहत मुख्य मार्ग पर स्थित कैलासपुर जंगल में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दोनों युवक बैकुंठपुर–सोनहत मार्ग से गुजर रहे थे, तभी कैलासपुर जंगल के पास तेज गति से आ रही कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिसकी पहचान कटकोना निवासी के रूप में की जा रही है। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को अस्पताल भिजवाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सोनहत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
