जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अरनोद पुलिस की नाकाबंदी, यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में अरनोद थाना पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए सघन नाकाबंदी अभियान चलाया। थानाधिकारी हजारीलाल मीणा के नेतृत्व में यह नाकाबंदी थाने के बाहर प्रतापगढ़–अरनोद मुख्य मार्ग पर की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने काली फिल्म लगे वाहनों, बिना सीट बेल्ट चलने वाले चालकों, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। कई वाहन चालकों को रोककर उनके दस्तावेजों की भी जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क हादसों को रोकना है।
थानाधिकारी मीणा ने बताया कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान बनाए गए। साथ ही वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए हेलमेट व सीट बेल्ट का नियमित रूप से प्रयोग करें। काली फिल्म का प्रयोग नियमों के विरुद्ध होने के कारण उसे मौके पर ही हटवाया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें।
