छुरिया। कांग्रेस नेता चुम्मन साहू ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर उनकी छवि खराब करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से झूठे और भ्रामक वीडियो वायरल कर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
चुम्मन साहू ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की परेशानी और बिगड़ती कानून व्यवस्था से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जब सरकार जनता से किए वादों को पूरा करने में असफल हो जाती है, तब विपक्षी नेताओं पर आरोप लगाकर राजनीतिक माहौल को भटकाने की कोशिश की जाती है।
उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल में किसानों, मजदूरों और गरीब वर्ग के लिए कई जनहितकारी योजनाएं चलाईं, जिसकी वजह से आज भी जनता में उनकी मजबूत पकड़ है। चुम्मन साहू ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने और राजनीतिक बदले की भावना से काम कर रही है, लेकिन जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
