कोंडागांव, 25 अप्रैल 2026 | जिले में केशकाल नेशनल हाईवे 30 पर मामा ढाबा गारका के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना रात्रि करीब 1 बजे की बताई जा रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बुरी तरह कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक युवक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर केशकाल स्थित मरचुरी में सुरक्षित रखवा दिया है, ताकि पहचान होने पर आगे की कार्रवाई की जा सके।
फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
