कोण्डागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 47 गोवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, 6 आरोपी गिरफ्तार

कोण्डागांव (छत्तीसगढ़), 5 जून 2025: सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस ने पशु तस्करी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 47 नग गोवंशीय पशुओं को तस्करों के कब्जे से छुड़ाया है। इस दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

 

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति गौवंशीय पशुओं को बेरहमी से पीटते हुए भूखा-प्यासा हालात में उड़ीसा के कत्लखाने ले जा रहे हैं। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से छह आरोपियों – जयराम बघेल, तुलाराम नाग, डुमकर मौर्य, गुडुराम नाग, रतन सुना और पदलाम सुना को गिरफ्तार किया।

 

पूछताछ में आरोपियों ने पशुओं को अवैध रूप से उड़ीसा ले जाने की बात कबूल की। उनके पास से कोई वैध दस्तावेज भी बरामद नहीं हुए। पुलिस ने सभी 47 गोवंश (गाय, बैल, बछड़े आदि) को सुरक्षित रेस्क्यू कर पशु चिकित्सक की निगरानी में स्वास्थ्य परीक्षण कराया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजा।

 

पुलिस अधीक्षक ने मामले में तत्परता दिखाने वाली टीम को सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अपराधों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post