कोरबा। विकासखंड कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत बगबुड़ा में शनिवार को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया उपस्थित रहे। विधायक ने विधिवत पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों की नींव रखी और कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण अंचलों के समग्र विकास की है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंच सकें।
भूमिपूजन कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक ने इस दौरान ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को सुना तथा शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य किशनलाल कोसले, सरपंच दशरथ खड़िया, रोजगार सहायक, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ग्राम में कई विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई। इनमें मुख्य मार्ग से देवगुड़ी की ओर 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण जिला खनिज न्यास मद से स्वीकृत हुआ है। वहीं मुख्य मार्ग से रामायण घर की ओर 10 लाख रुपये की सीसी रोड का निर्माण विधायक मद से होगा। इसके अतिरिक्त राम मंदिर के पास 2 लाख रुपये की लागत से छतदार मंच का निर्माण भी विधायक मद से स्वीकृत किया गया है।
ग्राम पंचायत बगबुड़ा में जिला खनिज न्यास मद से 11 लाख 69 हजार रुपये की लागत से तीन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण तथा 15 लाख 65 हजार रुपये की लागत से नवीन प्राथमिक शाला भवन का निर्माण स्वीकृत हुआ है। इन सभी कार्यों से ग्राम में शिक्षा, सड़कों और सामुदायिक सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।
