छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका ने कोरबा जिले के आकांक्षी ब्लॉक कोरबा एवं पोंड़ी-उपरोड़ा में अधिकारियों के साथ बैठक लेकर महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और सरपंचों से मुलाकात कर कहा– गांव के विकास के लिए योजनाएं बनाएं और सक्रिय भागीदारी निभाएं।
राज्यपाल ने कहा कि पंचायतों को 15वें वित्त आयोग से प्राप्त राशि का सदुपयोग गांव की प्राथमिक आवश्यकताओं जैसे—स्वच्छता, पेयजल, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और महिला साक्षरता के लिए करना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे पीएम आवास योजना के अंतर्गत समय पर आवास निर्माण सुनिश्चित कराएं और जनहित की योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करें।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। बैठक में कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, डीएफओ निशांत कुमार, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, एसडीएम तुलाराम भारद्वाज सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
