अरनोद मॉडल स्कूल के बाल वैज्ञानिकों ने फिर लहराया परचम
नागदेड़ा स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल के बाल वैज्ञानिक ओजस और भव्यांश ने जिला स्तरीय इंटर-स्कूल साइंस मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर स्कूल का नाम रोशन किया। दोनों बाल वैज्ञानिकों ने अटल लैब के तहत ‘एंटी स्लीपिंग ड्राइवर सेफ्टी गोगल्स’ मॉडल प्रस्तुत किया, जिसने प्रतियोगिता में सबका ध्यान आकर्षित किया।
मीडिया प्रभारी शांति लाल मीणा ने बताया कि मॉडल स्कूल के प्रतिभावान छात्र-छात्राएं समय-समय पर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा से स्कूल का गौरव बढ़ाते रहे हैं। इससे पूर्व प्रबल योजना में भी स्कूल की एक बालिका चयनित हुई थी। क्लस्टर लेवल पर भी मॉडल स्कूल के छात्र लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहे हैं।
यह प्रतियोगिता सेंट पॉल स्कूल, प्रतापगढ़ में “साइंस फॉर सस्टेनेबल फ्यूचर” थीम पर आयोजित हुई, जिसमें जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों ने भाग लिया।
प्रधानाचार्य धर्मेंद्र वीरवाल के मार्गदर्शन में मॉडल स्कूल की जूनियर व सीनियर दोनों टीमों ने हिस्सा लिया। जूनियर टीम ओजस और भव्यांश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं सीनियर वर्ग में अंशुल और महेश ने भी अपने मॉडल प्रस्तुत किए। टीम प्रभारी क्रमशः पुष्पराज सिंह सिसोदिया और संजीव कुमार गर्वा रहे।
विजय की इस खबर से विद्यालय में हर्ष की लहर दौड़ गई। विद्यालय परिवार के अजीत सिंह राणावत, रणजीत सिंह राठौड़, ओंकार लाल मीणा, प्रवीण जैन, गोपाल सुथार, प्रदीप मेनारिया सहित सभी स्टाफ सदस्यों ने विजेता छात्रों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
