Anp News Live Korba भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा की मासिक बैठक जिला कार्यालय पंडित दीनदयाल कुंज, टी.पी. नगर में जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जा रहे "मोदी जी के 12 साल बेमिसाल" अभियान, बूथ सशक्तिकरण एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाकर अभियान को जन-जन का अभियान बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसका बूथ संगठन है और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही पार्टी की सफलता का आधार होते हैं। आगामी कार्यक्रमों को अनुशासन, समर्पण और जनसंपर्क के साथ सफल बनाने का भी आह्वान किया गया।
जिला संगठन सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और योजनाबद्ध कार्यप्रणाली पर निर्भर करती है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से बूथ स्तर तक संगठन के कार्यक्रमों की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में विभिन्न मंडलों में चल रहे जनसंपर्क अभियानों, संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की समीक्षा की गई। इसके साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला संगठन सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, रुक्मणी नायर, सतीश झा, अजय दुबे, कमला बरेठ, कमला किंडो, विवेक मार्कंडेय, अर्जुन गुप्ता, शैलेन्द्र यादव, संजय राठौर, प्रदीप सिंह एवं नीरज ठाकुर सहित जिला पदाधिकारी एवं मंडल प्रभारी उपस्थित रहे।
