Anp News कटघोरा को जिला बनाने की मांग तेज, 6 जुलाई को विशाल बाइक रैली का ऐलान

ANP News Live Korba कटघोरा को पृथक जिला बनाए जाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इस मुद्दे को लेकर अधिवक्ता संघ कटघोरा ने आंदोलन का बिगुल फूंकते हुए 6 जुलाई को शहर में विशाल बाइक रैली निकालने का ऐलान किया है। रैली के समापन पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम कटघोरा को सौंपा जाएगा।

इस संबंध में अधिवक्ता संघ के अधिवक्ता कक्ष क्रमांक-01 में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कटघोरा को जिला बनाए जाने की आवश्यकता और औचित्य पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि कटघोरा जिला बनने के सभी आवश्यक मानकों को पूरा करता है और लंबे समय से क्षेत्र की जनता इस मांग को उठा रही है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शासन-प्रशासन तक क्षेत्रवासियों की आवाज प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए 6 जुलाई को शहर के प्रमुख मार्गों से विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर कटघोरा को जल्द जिला घोषित करने की मांग की जाएगी।

आंदोलन को मिलेगा व्यापक स्वरूप

अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल वकीलों तक सीमित नहीं रहेगा। बाइक रैली के बाद सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ बैठक कर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कटघोरा को जिला बनाना क्षेत्र की जनता का अधिकार है। यदि मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

6 जुलाई को प्रस्तावित बाइक रैली को लेकर क्षेत्र में तैयारियां शुरू हो गई हैं और बड़ी संख्या में लोगों के इसमें शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

 

Related Post