Anp News सहकारी सप्ताह का आगाज, जिलेभर की पैक्स समितियों और बैंक शाखाओं में हुआ ध्वजारोहण

ANP News Live Korba राज्य एवं केंद्र सरकार के सहकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार सोमवार से देशव्यापी 'सहकारी सप्ताह' का शुभारंभ हो गया। 29 जून से 6 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले में सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सहकारी सप्ताह के पहले दिन कोरबा जिले की सभी 60 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर की कोरबा स्थित 8 शाखाओं में एक साथ सहकारिता के सतरंगे ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान सहकारिता के सिद्धांतों, सामूहिक विकास और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

मुख्य कार्यक्रम जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल कार्यालय, कोरबा शाखा में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि ब्रजेन्द्रधर शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां भारती के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित किए और सहकारिता ध्वज फहराया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और किसानों ने सामूहिक रूप से सहकारिता गान प्रस्तुत कर ध्वज को सलामी दी।

इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी सदस्य अमित पटेल, कमलेश प्रधान, ब्रजेश कुमार यादव, नोडल अधिकारी सुशील कुमार जोशी, सहायक नोडल मुकेश पटेल, शाखा प्रबंधक सरिता पाठक, पर्यवेक्षक जमाल खान, बैंक स्टाफ सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

सहकारी सप्ताह के दौरान जिले की सभी सहकारी संस्थाओं में कृषक हितैषी योजनाओं की जानकारी, जनजागरूकता अभियान और विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

 

Related Post