Anp News live korba भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर टी.पी. नगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सम्मेलन में प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय मुख्य वक्ता रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने की।
प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उनके राष्ट्रवादी विचारों, सेवा और समर्पण की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक ले जाएं।
जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए नेहरू-लियाकत समझौते का विरोध किया और उद्योग मंत्री पद से इस्तीफा दिया। उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना, जम्मू-कश्मीर में परमिट व्यवस्था के विरोध और "एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेगा" के ऐतिहासिक आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका संघर्ष राष्ट्रवाद की मजबूत नींव बना।
सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत हैं। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन का समापन राष्ट्रवाद, संगठनात्मक एकजुटता और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।
