सीतामढ़ी से नई दिल्ली के बीच आज एक नए रेल युग की शुरुआत हुई। भारत सरकार के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अमृत भारत एक्सप्रेस सेवा को हरी झंडी दिखाकर इसका विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विशेष उद्घाटन ट्रेन 05599 सीतामढ़ी-दिल्ली स्पेशल को रवाना किया गया। यह ट्रेन सेवा भारतीय रेलवे की आधुनिक सोच और मेक इन इंडिया पहल का सशक्त उदाहरण है।
नियमित परिचालन इस प्रकार होगा–
गाड़ी संख्या 14048– दिल्ली से प्रत्येक शनिवार दोपहर 2 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 10:45 बजे सीतामढ़ी पहुँचेगी।
गाड़ी संख्या 14047–सीतामढ़ी से प्रत्येक रविवार रात 10:15 बजे रवाना होकर सोमवार रात 10:40 बजे दिल्ली पहुँचेगी।
इस ट्रेन का रूट गाजियाबाद, लखनऊ, गोंडा, गोरखपुर, बगहा, रक्सौल सहित प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगा, जिससे उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।
बिहार को मिली सातवीं अमृत भारत ट्रेन
यह ट्रेन बिहार को मिलने वाली सातवीं अमृत भारत एक्सप्रेस है। इससे पहले दरभंगा, सहरसा, पटना, मोतिहारी, भागलपुर और गया को अमृत भारत सेवा मिल चुकी है। यह सेवा बिहार के रेल नेटवर्क को सशक्त बनाती है।
अमृत भारत 2.0 ,कम बजट में हाईटेक सफर
कोचों में फोल्डेबल स्नैक्स टेबल, मोबाइल होल्डर, और रेडियम फ्लोरिंग स्ट्रिप
130 किमी/घंटा की रफ्तार क्षमता
फायर डिटेक्शन सिस्टम, क्रैश ट्यूब, और इमरजेंसी टॉक बैक सिस्टम
वैक्यूम एवैक्यूएशन सिस्टम और ऑन-बोर्ड रीयल-टाइम निगरानी प्रणाली
ऑन-बोर्ड कंडीशन मॉनिटरिंग सिस्टम (OBCMS) से सुरक्षा में नई क्रांति
यह ट्रेन विशेष रूप से सामान्य और निम्न आय वर्ग के यात्रियों के लिए डिजाइन की गई है, जिसमें सुविधाजनक स्लीपर और जनरल कोच शामिल हैं।
रेल मंत्री का बड़ा बयान
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में बताया था कि देश में 100 से अधिक अमृत भारत रेक तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें जल्द ही विभिन्न रूटों पर शुरू किया जाएगा।
