कोण्डागांव, 16 अगस्त 2025: जिला मुख्यालय के डीएनके कॉलोनी में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर एक अद्भुत व अलौकिक घटना सामने आई है। नगर पालिका में कार्यरत सीएमओ दिनेश डे के निवास पर स्थापित भगवान श्रीकृष्ण (लड्डू गोपाल) की प्रतिमा ने शनिवार सुबह स्वयं दूध ग्रहण कर लिया। यह दृश्य देखकर परिवारजन और आसपास के लोग आश्चर्यचकित रह गए।
परिवार ने बताया कि रोज़ाना की भांति आज भी सुबह पूजा अर्चना के बाद लड्डू गोपाल को दूध का भोग लगाया गया। जब चम्मच से दूध पिलाने का प्रयास किया गया, तो प्रतिमा ने चम्मच में रखा सारा दूध अपने आप पी लिया। यह दृश्य देखकर परिवार भाव-विभोर हो उठा और इसे भगवान श्रीकृष्ण की कृपा और चमत्कार मानने लगे।
घटना की जानकारी आसपास के क्षेत्र में फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दिनेश डे के घर पहुंचने लगे। लोग इस चमत्कारी दृश्य को देखने के लिए उमड़ पड़े और 'जय श्रीकृष्ण' के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं का मानना है कि जन्माष्टमी जैसे पावन पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण स्वयं अपने भक्तों को दर्शन देकर उन्हें आशीर्वाद प्रदान कर रहे हैं। यह घटना लोगों के विश्वास और श्रद्धा को और भी प्रगाढ़ कर रही है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ऐसे चमत्कार ईश्वर की उपस्थिति और उनकी कृपा का प्रतीक होते हैं। कोण्डागांव में घटित इस घटना ने पूरे नगर को भक्ति और आस्था के रंग में रंग दिया है।
