कोंडागांव, 10 जुलाई 2026 | आम आदमी पार्टी (AAP) जिला कोंडागांव ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर प्रदेश की भाजपा सरकार को विभिन्न जनहित के मुद्दों पर घेरा। प्रेस वार्ता में प्रदेश संगठन मंत्री समीर खान सहित पार्टी के पदाधिकारियों ने बिजली संकट, किसानों को खाद की उपलब्धता, खाद की कथित कालाबाजारी और अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभा के अधिकारों जैसे विषयों पर सरकार से जवाब मांगा।
प्रदेश संगठन मंत्री समीर खान ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बिजली संकट बना हुआ है और बार-बार शिकायतों के बावजूद सरकार बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि बिजली दरों में वृद्धि से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, इसलिए सरकार को बिजली व्यवस्था सुधारने के साथ बढ़ी हुई दरों पर पुनर्विचार करना चाहिए।
प्रेस वार्ता में बिरजू सलाम ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को संविधान और कानून के तहत मिले अधिकारों का समुचित पालन नहीं हो रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विवाद और समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने ग्राम सभा के अधिकारों को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की।
पार्टी नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि खरीफ सीजन में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है और कई स्थानों पर उन्हें निजी दुकानों से अधिक कीमत पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने खाद की कथित कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि यदि बिजली संकट, खाद उपलब्धता, कालाबाजारी पर रोक और ग्राम सभा के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन को और व्यापक करेगी। प्रेस वार्ता में पार्टी के जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
