राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर आधारित 6 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण सम्पन्न, नवीन पाठ्यपुस्तक और अवधारणात्मक शिक्षा पर दिया गया विशेष जोर

कोंडागांव, 30 जून 2025: राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत विकसित नवीन पाठ्यपुस्तकों को समझने और शिक्षकों को उसकी अवधारणाओं से परिचित कराने हेतु आयोजित 6 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का समापन समारोह 28 जून 2025 को बीआरसी भवन, कोंडागांव में संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण 23 जून से 28 जून 2025 तक आयोजित किया गया था।

 

समापन समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी कोंडागांव श्रीमती भारती प्रधान, डाइट बस्तर से प्रभारी प्राचार्य बेनूराम मौर्य, एपीसी श्रीनिवास नायडू, एवं बीआरपी अशोक कुमार साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही।

 

इस प्रशिक्षण में जिले के पांचों ब्लॉकों से 9-9 BRG सदस्य शामिल हुए, जिन्हें आगामी समय में ब्लॉक स्तर पर अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

 

जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षकों की भूमिका और जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने सभी को गतिविधि आधारित अध्यापन अपनाने और बच्चों की अवधारणात्मक समझ को मजबूत करने पर बल दिया। प्रशिक्षण को उत्साहपूर्वक पूर्ण करने के लिए सभी BRG और DRG सदस्यों को बधाई दी गई।

 

एपीसी श्रीनिवास नायडू ने कहा कि अब शिक्षण केवल पाठ्यसामग्री तक सीमित न रहकर, समझ, विश्लेषण और व्यवहारिक ज्ञान आधारित होना चाहिए।

डाइट प्राचार्य प्रभारी बेनूराम मौर्य ने प्रशिक्षण की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह प्रयास नींव स्तर की साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता को मजबूत करने की दिशा में एक निर्णायक पहल है।

 

प्रशिक्षण के दौरान अजय कुमार नायक, सतीश कुमार जाटव, श्रीमती भारती साहू, नीलकंठ साहू और गोपीराम सेन मास्टर ट्रेनर्स के रूप में मौजूद रहे और विभिन्न सत्रों का सफल संचालन किया।

 

समारोह के अंत में सभी प्रशिक्षुओं द्वारा जिला अधिकारियों व DRG टीम को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत सामूहिक पौधारोपण भी किया गया।

 

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी ब्लॉकों से BRG सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही, जिससे आगामी शिक्षक प्रशिक्षणों को मजबूती मिलेगी और NEP 2020 को जमीनी स्तर पर लागू करने में सहयोग मिलेगा।

Related Post