“ऑपरेशन विश्वास” के तहत 53 आदिवासी मजदूर सुरक्षित, फर्जी ठेकेदारों का पर्दाफाश

प्रतापगढ़। आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला पुलिस प्रतापगढ़ द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन विश्वास” के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। इस कार्रवाई में महाराष्ट्र के शोलापुर जिले में बंधक बनाकर रखे गए प्रतापगढ़ जिले के 53 आदिवासी मजदूरों (13 महिलाएं व 40 पुरुष) को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री आदित्य के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सिंह जोधा के मार्गदर्शन में, थानाधिकारी घट्टी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।

दिनांक 22.12.2025 को सूचना मिली थी कि थाना घट्टी क्षेत्र के ग्राम बखरा, गामड़ी, पीपलखूंट, धरोली, घाटी, डोला व कुम्हारी सहित अन्य गांवों के मजदूरों को अच्छी मजदूरी का झांसा देकर महाराष्ट्र ले जाया गया था।

मजदूरी के नाम पर मजदूरों से अवैध वसूली की गई, उन्हें समुचित पारिश्रमिक नहीं दिया गया तथा मानसिक व आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया गया। मजदूरी मांगने पर मजदूरों के साथ दुर्व्यवहार किया गया, जिससे कई मजदूर भयभीत होकर गांव लौट आए और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र जाकर मजदूरों को अलग-अलग स्थानों से सुरक्षित निकाला। आरोपियों के खिलाफ थाना घट्टी में प्रकरण संख्या 128/2025 दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

सभी रेस्क्यू किए गए मजदूरों को सुरक्षित रूप से उनके गांव भिजवाया जा रहा है।

Related Post