कोरबा। कोरबा जिले की भैसमा तहसील अंतर्गत भैसमा स्थित बालाजी फूड प्रोडक्ट में अवैध रूप से धान की अफरा-तफरी की शिकायत पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। शिकायत के आधार पर तहसीलदार कृष्ण कुमार लहरे एवं खाद्य निरीक्षक उर्मिला गुप्ता द्वारा संयुक्त जांच की गई।
जांच के दौरान यह पाया गया कि धान उपार्जन केंद्र से विधिवत उठाव किए गए धान के अतिरिक्त परिसर में 1088 कट्टा (लगभग 435 क्विंटल) धान अवैध रूप से भंडारित था। मौके पर वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद नियमानुसार धान की जप्ती एवं सुपुर्दगी की कार्रवाई की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध भंडारण, परिवहन या व्यापार में संलिप्त पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में धान की अवैध अफरा-तफरी पर अंकुश लगाने का संदेश गया है।
