कोंडागांव, 04 मई 2025: आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में लगातार स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को ग्राम पंचायत मुलमुला के भंगाराम चौक में मितानिन प्रशिक्षक एवं मितानिनों द्वारा बुजुर्गों के सम्मान में ‘‘दाई-बबा दिवस’’ का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम की थीम ‘‘हमारे बुजुर्ग, हमारी धरोहर’’ रही, जिसका मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों का सम्मान करना, उनके स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित करना और पीढ़ियों के बीच भावनात्मक संवाद को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम स्थल पर बुजुर्गों का पारंपरिक तिलक लगाकर और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर विशेष स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बुजुर्गों के लिए रक्तचाप, शुगर, मोतियाबिंद, जोड़ों का परामर्श, मानसिक स्वास्थ्य एवं संज्ञानात्मक परीक्षण, वृद्धावस्था पोषण संबंधी जानकारी, तथा योगाभ्यास पर मार्गदर्शन जैसी सेवाएं प्रदान की गईं।
जिन बुजुर्गों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं था, उनके लिए मौके पर आभा आईडी (ABHA ID) बनवाए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस शिविर में कुल 27 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस कार्यक्रम में मितानिन प्रशिक्षक श्रीमति अन्नपूर्णा पटेल, मितानिन सुगन पटेल, गंगीता कौशिक, चंद्रिका मानिकपुरी, सनिता देवागन, मांगूरी देवागन, भागवती सोर्री, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अहिल्या देवागन, अनिता देवागन, सूरजबती मानिकपुरी, कला देवागन, सोना मरकाम, एवं मुलमुला के ग्रामीणजन, साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने न सिर्फ बुजुर्गों के स्वास्थ्य संरक्षण को बढ़ावा दिया, बल्कि उन्हें सामाजिक रूप से सम्मानित कर भावनात्मक जुड़ाव को भी सुदृढ़ किया।
