बिजली बिल बकाया पर सख्ती, 12 टीमों ने काटी 174 उपभोक्ताओं की बिजली लाइन

रायगढ़। बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में सोमवार को बाहर से बुलाई गई कुल 12 टीमें रायगढ़ पहुंचीं और शहर के विभिन्न इलाकों में एक साथ कार्रवाई की। इस दौरान कुल 174 उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई काटी गई, वहीं 77 उपभोक्ताओं से करीब 21 लाख रुपये की बकाया राशि की वसूली भी की गई।

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण विभाग पर करोड़ों रुपये का बकाया जमा हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष वसूली एवं लाइन कटौती अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मंगलवार को भी अभियान जारी रहेगा।

अधिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण के तहत उन उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की जा रही है, जिन पर 10 हजार से 40 हजार रुपये तक का बकाया है। ऐसे सभी बकायादारों की बिजली सप्लाई बिना किसी अतिरिक्त सूचना के काटी जा रही है।

इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जांजगीर, सारंगढ़ सहित अन्य जिलों से विशेष टीमें बुलाई गई हैं। प्रत्येक टीम में जूनियर इंजीनियर (जेई), लाइनमैन और अन्य तकनीकी कर्मचारी शामिल हैं, जो क्षेत्रवार कार्रवाई कर रहे हैं।

पहले चरण में 50 हजार से अधिक बकाया वालों पर गिरी थी गाज

बिजली विभाग ने पहले चरण में 50 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले करीब ढाई हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे थे। उस कार्रवाई के बाद कई उपभोक्ताओं ने अपना बकाया बिजली बिल जमा कराया था। अब विभाग दूसरे चरण में अपेक्षाकृत कम बकाया, लेकिन लंबे समय से भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर सख्ती कर रहा है।

बिजली विभाग ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपना बकाया बिजली बिल जमा कर दें, ताकि लाइन कटने जैसी परेशानी से बचा जा सके। विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि यदि बकाया राशि जमा नहीं की गई तो आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा।

Related Post