श्री गुरु हरकिशन स्कूल का वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न

कोरबा। परिवहन नगर स्थित श्री गुरु हरकिशन पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक उत्सव समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम शुक्रवार शाम लगभग 5:30 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री सुश्री रितु चौरसिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे वातावरण को उत्सवी बना दिया।

Uploaded Image

लगभग तीन घंटे तक चले इस वार्षिक उत्सव में विद्यालय के बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रमों में छत्रपति शिवाजी महाराज और संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति, देवों के देव महादेव पर भावपूर्ण नृत्य, हास्य नाटिका के साथ-साथ पंजाबी, राजस्थानी, कश्मीरी और छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य शामिल रहे।

विशेष रूप से नन्हे-मुन्ने बच्चों की रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और सभागार तालियों की गूंज से भर उठा। बच्चों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुति ने अभिभावकों को भी भावुक कर दिया।

 

 मुख्य अतिथि का संदेश

 

मुख्य अतिथि सुश्री रितु चौरसिया ने अपने संबोधन में विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं।

 

 विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति

 

इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह भाटिया, उपाध्यक्ष सरदार दविंदर सिंह, सरदार सुखविंदर सिंह, सरदार जितेंद्र सिंह, सरदार सतविंदर सिंह, सरदार इंद्राज सिंह, सरदार चरणजीत सिंह, सरदार हरदीप सिंह, सरदार जसपाल सिंह, सरदार सतबीर सिंह भाटिया सहित विद्यालय के प्राचार्य श्री रविन्द्र सिंह, समस्त शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

Related Post