कोंडागांव, 15 नवंबर 2025| खरीफ विपणन वर्ष 2025 के तहत जिले में धान खरीदी आज से शुरू हो गई है। कोंडागांव विकासखण्ड के ग्राम मुलमुला स्थित धान उपार्जन केन्द्र में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया।

धान बेचने पहुंचे किसानों का विधायक सुश्री उसेण्डी ने पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित भी किया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना भी उपस्थित रहीं।
विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में समर्थन मूल्य पर पारदर्शी ढंग से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है, जिसके लिए किसान निधि योजना सहित कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि प्रदेशभर में 15 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। जिले के 67 उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी कार्य प्रारंभ हो चुका है। जिला प्रशासन द्वारा सभी खरीदी केन्द्रों में आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शासन द्वारा ऑनलाइन टोकन व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत किसान अपने घर से ही तुंहर हाथ मोबाइल एप के माध्यम से टोकन ले सकते हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, जनपद सदस्य लालमती देवांगन, जितेंद सुराना, विभिन्न ग्रामों के सरपंच, एसडीएम अजय उरांव, तहसीलदार मनोज रावटे, खाद्य अधिकारी नवीन चन्द्र श्रीवास्तव सहित खरीदी केन्द्र का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
