डुप्लीकेट चाबी बनाकर कार चोरी करने वाला मैकेनिक गिरफ्तार, बेचने की थी तैयारी
रायगढ़/खरसिया। खरसिया से चोरी हुई वेन्यू कार को बरामद कर चौकी खरसिया पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में दिल्ली निवासी एक शातिर कार मैकेनिक को गिरफ्तार किया है, जिसने पहले से योजना बनाकर कार की डुप्लीकेट चाबी तैयार की और मौका मिलते ही वाहन चोरी कर फरार हो गया। आरोपी वाहन का नंबर बदलकर उसका उपयोग कर रहा था तथा डेंटिंग-पेंटिंग के बाद दूसरे राज्य में बेचने की तैयारी में था।
पूरे मामले का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल के मार्गदर्शन में किया गया।
घर के सामने से गायब हुई थी कार
प्रकरण के अनुसार 6 मई 2026 को प्रार्थी संदीप कुमार ने चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी उपयोग में लाई जा रही वेन्यू कार क्रमांक CG 04 MT 7666 घर के सामने खड़ी थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना खरसिया में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 218/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में वाहन को एक होटल तक जाते देखा गया। होटल स्टाफ से पूछताछ और वहां जमा पहचान दस्तावेजों के आधार पर पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिली। तकनीकी विश्लेषण में उसका मोबाइल लोकेशन दिल्ली क्षेत्र में पाया गया।
पुराने एक्सीडेंट से खुला चोरी का राज
जांच के दौरान वाहन स्वामी विजय, जो प्रार्थी संदीप कुमार के जीजा हैं, ने पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 में वेन्यू कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसकी मरम्मत दिल्ली के एक मैकेनिक से कराई गई थी।
यहीं से पुलिस को अहम सुराग मिला। आशंका जताई गई कि मरम्मत के दौरान ही वाहन की डुप्लीकेट चाबी तैयार कर ली गई होगी। सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक शिव कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम दिल्ली रवाना हुई।
लगातार तीन दिनों तक दिल्ली और आसपास क्षेत्रों में पतासाजी करने के बाद पुलिस ने आरोपी मोहम्मद आमिर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
नंबर प्लेट बदलकर चला रहा था कार
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पेशे से कार मैकेनिक है और उसने पहले से वाहन की डुप्लीकेट चाबी बना ली थी। वाहन के जीपीएस सिस्टम की जानकारी होने के कारण उसने योजनाबद्ध तरीके से खरसिया पहुंचकर कार चोरी की।
चोरी के बाद आरोपी ने कार की मूल नंबर प्लेट हटाकर दिल्ली नंबर की प्लेट लगा दी और वाहन का उपयोग करता रहा। बाद में वाहन को डेंटिंग-पेंटिंग कर दूसरे राज्य में बेचने की योजना बनाई गई थी।
आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली के एमसीडी पार्किंग क्षेत्र से चोरी गई वेन्यू कार बरामद कर ली गई। पुलिस ने करीब 6 लाख रुपये मूल्य की कार जब्त की है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर धारा 318 बीएनएस भी जोड़ी गई है।
आरोपी जेल भेजा गया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद आमिर पिता मुस्ताक हुसैन, उम्र 39 वर्ष, निवासी शाहदरा दिल्ली एवं हाल मुकाम लोनी गाजियाबाद के रूप में हुई है। ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को खरसिया लाया गया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरे ऑपरेशन में प्रधान आरक्षक शिव कुमार वर्मा, आरक्षक कीर्ति सिदार, आरक्षक केशव चौहान तथा साइबर सेल के आरक्षक धनंजय कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की तत्परता और तकनीकी जांच के कारण अंतरराज्यीय वाहन चोरी के इस मामले का खुलासा संभव हो सका।
