Anp News गुरु रविदास जयंती पर भाजपा का समरसता संकल्प, तिरंगा यात्रा की तैयारियों को मिली रफ्तार

ANP News Live Korba  संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा ने शनिवार को जिला कार्यालय टी.पी. नगर में 'समरसता संकल्प अभियान' के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। साथ ही आगामी तिरंगा यात्रा महाअभियान की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी और कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने संत गुरु रविदास के जीवन, उनके विचारों और समाज में समानता, भाईचारे तथा मानव सेवा के संदेश को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए कार्यकर्ताओं से इन आदर्शों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान आगामी तिरंगा यात्रा को सफल और व्यापक जनभागीदारी वाला अभियान बनाने के लिए मंडलवार जिम्मेदारियां भी तय की गईं। कार्यकर्ताओं से राष्ट्रभक्ति के इस अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

कार्यशाला में प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग, संजय शर्मा, मंजू सिंह, रेणुका राठिया, रुक्मणी नायर, डॉ. विजय राठौर, नवीन मार्कंडेय, राजेश लहरे सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समरसता, सद्भाव, राष्ट्र प्रथम की भावना तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

 

Related Post