Anp News Live Janjgir- Champa किराए पर भारी वाहन लेकर फरार होने वाले अंतरराज्यीय ठग गिरोह का जांजगीर-चांपा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 जेसीबी, 1 हाइवा, 1 टाटा सफारी, महंगा मोबाइल और मोटरसाइकिल समेत लाखों रुपये का माल बरामद किया गया है। गिरोह पिछले तीन वर्षों से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में वाहन मालिकों को ठगी का शिकार बना रहा था।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में अकलतरा पुलिस ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पिपरसत्ती निवासी प्रदीप कुमार कोसले ने अपनी जेसीबी किराए पर देने के बाद वाहन गायब होने की शिकायत दर्ज कराई। आरोपियों ने 1.40 लाख रुपये मासिक किराया और अग्रिम भुगतान का झांसा देकर जेसीबी अपने कब्जे में ली और मोबाइल बंद कर फरार हो गए। साथ ही वाहन में लगे जीपीएस को भी निकाल दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी किरायानामा और खरीद-बिक्री के फर्जी दस्तावेज तैयार कर वाहनों को दूसरे राज्यों में बेच देते थे। इसके बाद वाहनों के नंबर बदलकर उन्हें खपाने का काम किया जाता था।
जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के मास्टर माइंड भरत गुप्ता को चित्रकूट और जबलपुर कनेक्शन के आधार पर गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई जेसीबी बरामद की गई। पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि गिरोह ने जेसीबी, ट्रेलर और ट्रैक्टर सहित कई वाहनों की ठगी कर उन्हें अन्य लोगों को बेच दिया था।
गिरफ्तार आरोपी
तीरथराज कुर्रे (बिलासपुर)
राहुल खांडे (बिलासपुर)
सन्नी लाल पाटले (अकलतरा)
शिवम जायसवाल (जबलपुर)
भरत गुप्ता (बिलासपुर/जबलपुर)
पुलिस ने किया बरामद
02 जेसीबी मशीन
01 हाइवा वाहन
01 टाटा सफारी
सैमसंग गैलेक्सी S24 अल्ट्रा मोबाइल
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन मालिकों से अपील की है कि वाहन किराए पर देने से पहले संबंधित व्यक्ति का पूरा सत्यापन अवश्य करें तथा वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम को हमेशा सक्रिय रखें, ताकि इस प्रकार की ठगी से बचा जा सके।
