लामपहाड़ हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 108 एम्बुलेंस सेवा में सुधार की कवायद तेज

Anp News Live Korba ग्राम लामपहाड़ में हुई सड़क दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पताढ़ी को घटना की तथ्यात्मक जांच के निर्देश दिए गए थे। प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार 8 जून 2026 की रात लगभग 8:30 बजे ग्राम लामपहाड़ में बाइक दुर्घटना की सूचना सेक्टर मेडिकल ऑफिसर लेमरू को मिली थी। सूचना मिलते ही उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से तत्काल कार्रवाई शुरू की गई।

जांच में पता चला कि लेमरू में तैनात 108 एम्बुलेंस उस समय पहले से एक रेफर मरीज को कोरबा पहुंचाने में व्यस्त थी। वहीं ड्यूटी अवधि पूरी होने और पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण एम्बुलेंस समय पर दुर्घटना स्थल तक नहीं पहुंच सकी।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि 108 एम्बुलेंस सेवा के संचालन में नेटवर्क संबंधी समस्याएं और पायलट व इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) की कमी बड़ी चुनौती बनी हुई है। कॉल कंट्रोल सेंटर रायपुर के माध्यम से संपर्क प्रक्रिया होने तथा क्षेत्र में नेटवर्क बाधाओं के कारण त्वरित समन्वय में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

दुर्घटना में घायल व्यक्ति को बाद में 112 वाहन के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू लाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस के जिला समन्वयक से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही लेमरू में संचालित 108 एम्बुलेंस के लिए तीनों पालियों में अलग-अलग पायलट और ईएमटी की नियुक्ति सुनिश्चित करने हेतु संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, रायपुर को प्रस्ताव भेजा गया है।

जिला प्रशासन ने कहा है कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बचने तथा नागरिकों को त्वरित स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Post