Anp News Live Janjgir- Champa चांपा पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाकर बिजली के तार और सीसीटीवी कैमरे चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 8 किलो जला हुआ कॉपर वायर, बिजली वायर, 750 रुपये नकद और तार काटने का कटर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार पहला मामला कोरवा पारा स्थित एक निर्माणाधीन मकान का है, जहां चौकीदार की सतर्कता से एक आरोपी रंगे हाथों पकड़ा गया। मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जिसमें आरोपी बिजली के तार और कटर के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने पहले भी उसी मकान से करीब 30 हजार रुपये मूल्य के बिजली तार चोरी करना स्वीकार किया।
वहीं दूसरा मामला मारूति टाउनशिप स्थित निर्माणाधीन मकान का है, जहां अज्ञात चोरों ने सीसीटीवी कैमरा और बिजली के तार चोरी कर लिए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी के बिजली तारों को जलाकर उसमें से निकला कॉपर वायर बेचने की बात भी कबूल की। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कार्तिक दास महंत (23 वर्ष), नारायण चौहान (19 वर्ष) और चोरी का माल खरीदने वाला मदन लाल बरेठ (35 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव सहित थाना चांपा पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
