जांजगीर-चांपा: पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) की अध्यक्षता में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गंभीर अपराधों की स्थिति, लंबित प्रकरणों का निराकरण, अपराध नियंत्रण की रणनीति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु बिंदुवार दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश–
गंभीर अपराधों और महिला संबंधी मामलों के फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करें।
लंबित अपराध, चालान, शिकायतों एवं मर्ग की त्वरित जांच कर निपटान सुनिश्चित करें।
अवैध शराब एवं गांजा बिक्री पर तुरंत कानूनी कार्रवाई करें।
थाना क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई बढ़ाएं।
रात्रि गश्त बढ़ाने एवं वारंटों की तामीली पर विशेष ध्यान दें।
पूर्व के आरोपियों, जो अब जेल से रिहा हो चुके हैं, उन पर सतत निगरानी रखें।
FSL रिपोर्ट लंबित मामलों में प्रयोगशाला से पत्राचार कर रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त करें।
चोरी, डकैती, लूट एवं मारपीट में शामिल आरोपियों के नाम निगरानी/गुंडा फाइल में जोड़े जाएं।
पुलिस रिस्पॉन्स टाइम को कम करें, दुर्घटना की सूचना पर तत्परता से पहुंचें।
जिले में अवैध अप्रवासियों पर निगरानी रख आवश्यक कानूनी कार्यवाही करें।
इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, एएसपी यातायात उदयन बेहार, डीएसपी जितेंद्र खूंटे, सीएसपी कविता ठाकुर, एसडीओपी यदुमणि सिदार, विजय पैकरा, प्रदीप सोरी, रक्षित निरीक्षक प्रदीप जोशी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों से नियमित निरीक्षण, गश्त, और जनता के प्रति उत्तरदायी व्यवहार सुनिश्चित करने की अपील की।
