Anp News Live Korba प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं को "प्रधान सेवक" मानते हैं और 140 करोड़ देशवासियों की सेवा को अपना सर्वोच्च दायित्व समझते हैं।
टी.पी. नगर स्थित प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र के साथ देश नए भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज का भारत विकास के साथ-साथ अपनी सुरक्षा को लेकर भी पूरी तरह सक्षम और आत्मविश्वासी है।
गरीब कल्याण योजनाओं की दी जानकारी
उन्होंने बताया कि जन-धन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि कोरोना काल से अब तक 81 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के जरिए करोड़ों नागरिकों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिली है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के मकान, उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति तथा जल जीवन मिशन के जरिए घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य किया गया है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है।
किसानों, युवाओं और आदिवासी समाज को प्राथमिकता
तोखन साहू ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सीधे आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के जरिए किसानों को सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने बताया कि जनजातीय समाज के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये की योजनाएं संचालित की जा रही हैं। "धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान" के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुद्रा योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, लखपति दीदी और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी पहल ने युवाओं, महिलाओं और कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक की 12 वर्षों की यात्रा भारत के लिए परिवर्तनकारी रही है और आने वाले समय में देश विश्व की अग्रणी शक्तियों में और अधिक मजबूती से अपनी पहचान स्थापित करेगा।
