रसोइया प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न, स्वच्छ व पौष्टिक भोजन पर दिया गया जोर

 

Anp News Live छुरिया।छुरिया विकासखंड में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत कार्यरत रसोइयों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 28 व 29 अप्रैल 2026 को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण पी एम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम उ.मा. शाला छुरिया एवं आत्मानंद अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम उ.मा. शाला डोंगरगाँव में आयोजित हुआ, जिसमें विकासखंड के विभिन्न स्कूलों से बड़ी संख्या में रसोइयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य रसोइयों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार करने के लिए आवश्यक जानकारी व कौशल प्रदान करना रहा। इस दौरान खाद्य सामग्री के सही रख-रखाव, किचन में साफ-सफाई, भोजन बनाते समय बरती जाने वाली सावधानियां तथा संतुलित आहार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।

रसोइयों को खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, उसकी गुणवत्ता जांच, स्वच्छ पानी व साफ बर्तनों के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही हाथों की सफाई, एप्रन पहनना, सिर ढककर भोजन बनाना, गैस व चूल्हे के सुरक्षित उपयोग तथा किचन को कीट-मुक्त रखने के उपायों पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण में बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पौष्टिक भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी पर भी बल दिया गया। भोजन परोसने के दौरान स्वच्छता बनाए रखना, भोजन को ढककर रखना और बचे हुए भोजन का सुरक्षित निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी शामिल किया गया।

इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रशांत कुमार चिरवतकर, पी.डी. साहू, नाजीम अली हाश्मी (मध्यान्ह भोजन कम्प्यूटर ऑपरेटर), आशिक उइक (मध्यान्ह भोजन प्रभारी), खोरबहरा राम साहू (संकुल समन्वयक, करमरी), प्रदीप कुमार तांडेकर (संकुल समन्वयक, हैदलकोदो) सहित कैफे डिलाइट फैमली रेस्टोरेंट के मास्टर शेफ एवं अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान भविष्य में और बेहतर प्रशिक्षण के लिए आधुनिक किचन प्रबंधन, गैस सुरक्षा, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) तथा पोषण आहार में विविधता लाने जैसे सुझाव भी दिए गए।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम रसोइयों के कौशल विकास के साथ-साथ विद्यालयों में बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Related Post