फरसगांव/ कोंडागांव, 12 जून 2025: थाना फरसगांव पुलिस ने "ऑपरेशन तलाश" के अंतर्गत एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए सात महीने से लापता युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सोडापारा आवराभाटा निवासी मोहन लाल नेताम ने 29 दिसंबर 2024 को अपनी 26 वर्षीय पुत्री कुमारी लखतीन नेताम के लापता होने की सूचना फरसगांव थाने में दर्ज कराई थी। लखतीन 5 दिसंबर 2024 को घर से बिना बताए निकल गई थी, जिसके बाद परिजनों द्वारा आसपास तथा रिश्तेदारों के यहाँ तलाश करने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फरसगांव पुलिस ने इसे "ऑपरेशन तलाश" के तहत दर्ज कर युवती की खोजबीन प्रारंभ की। कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश पर, एएसपी कौशलेन्द्र देव पटेल एवं एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी संजय सिन्दे के नेतृत्व में लगातार प्रयास जारी रखे गए।
काफी प्रयासों के बाद मुखबिर की सूचना पर युवती को कोण्डागांव के सुमित बाजार में कार्यरत पाया गया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह घर में मामूली कहासुनी के बाद स्वयं ही घर से निकल गई थी और तब से वहीं काम कर रही थी।
पुलिस द्वारा युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई से परिजन भावुक हो उठे और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि फरसगांव पुलिस द्वारा अब तक ऑपरेशन तलाश के तहत कुल 8 गुमशुदा व्यक्तियों को खोज निकाला गया है, जो क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और समर्पण को दर्शाता है। क्षेत्रवासियों द्वारा भी थाना फरसगांव की इस जनसेवक पहल की सराहना की जा रही है।
इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी संजय सिन्दे, प्रधान आरक्षक दुखुराम मण्डावी, आरक्षक दीपक हलदर तथा महिला आरक्षक कौशिल्या शोरी की विशेष भूमिका रही।
