बिजली संयंत्र हादसे के पीड़ितों को बड़ी राहत: मुआवजा, नौकरी और 24x7 हेल्पलाइन शुरू

सिंघीतराई ग्राम पंचायत स्थित 2×600 मेगावॉट विद्युत संयंत्र में हाल ही में हुई दुर्घटना के बाद कंपनी द्वारा राहत और सहायता कार्य तेज कर दिए गए हैं। हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिजनों को मुआवजा राशि प्रदान की जा रही है, वहीं घायलों के इलाज और पुनर्वास की दिशा में भी व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।

कंपनी के प्रतिनिधि छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर प्रभावित परिवारों को मुआवजा राशि सौंप रहे हैं। वहीं अन्य राज्यों में रहने वाले मृत कर्मचारियों के परिजनों तक सहायता पहुंचाने के लिए विशेष टीमें रवाना कर दी गई हैं। कंपनी प्रबंधन ने इस दुखद घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।

हादसे में मृतकों के परिजनों को 35 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है। वहीं घायलों को 15 लाख रुपए की सहायता के साथ पूर्ण स्वस्थ होने तक मासिक वेतन देने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त, कर्मचारी राज्य बीमा निगम के प्रावधानों के तहत मृतकों के परिवारजनों को पेंशन सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

घायलों का इलाज रायगढ़ और रायपुर के प्रमुख अस्पतालों में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के साथ जारी है। जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को एयर एंबुलेंस के माध्यम से अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में भेजने की भी व्यवस्था की गई है। कंपनी ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात कर उपचार को और बेहतर बनाया है।

प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए कंपनी ने “वेदांता संवेदना केंद्र” के तहत 24x7 हेल्पलाइन भी शुरू की है, जहां से हर प्रकार की जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, घायलों और उनके परिजनों के लिए मेडिकल काउंसिलिंग की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है।

अस्पतालों में भर्ती घायलों के परिजनों ने बताया कि कंपनी की ओर से इलाज, भोजन और ठहरने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर इलाज के कारण घायलों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।

कंपनी ने इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि वह इस कठिन समय में प्रभावित कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करती रहेगी।

                 

Related Post