नववर्ष के मद्देनज़र जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान “ऑपरेशन शांति” पूरी सख्ती के साथ जारी है। अभियान के तीसरे दिन भी पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 58 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 17 स्थायी वारंटी शामिल हैं। इस प्रकार महज तीन दिनों में कुल 152 फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी विभिन्न आपराधिक मामलों में न्यायालय द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट के बावजूद लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस ने इन वारंटियों की पहचान कर उन पर लगातार नजर रखी और सुनियोजित रणनीति के तहत अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर उन्हें पकड़ा। इस कार्रवाई से जिले में अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
तीसरे दिन की कार्रवाई में मानिकपुर चौकी, थाना कोतवाली और राजगामार चौकी की पुलिस टीमों ने क्रमशः 10, 6 और 5 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। वहीं थाना कोतवाली एवं मानिकपुर चौकी द्वारा 5-5 स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “ऑपरेशन शांति” का उद्देश्य केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। नववर्ष के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अपराध को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सतत पेट्रोलिंग भी की जा रही है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों, स्थायी वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों को कड़ा संदेश दिया गया है कि कानून से बचना अब संभव नहीं होगा।
